- भारतीय महिला टीम ने आयरलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 ओवर में 435/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया।
- भारत ने बनाया वनडे क्रिकेट में चौथा सबसे बड़ा स्कोर।
- स्मृति मंधाना (135 रन) और प्रतीका रावल (154) की शानदार शतकीय पारियों के साथ अन्य बल्लेबाजों ने भी तेज गति से रन जोड़कर इस विशाल स्कोर को संभव बनाया।

आज राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में भारत और आयरलैंड की महिला टीमों के बीच खेले जा रहे तीसरे वनडे में भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने एक ऐतिहासिक पारी खेली। यह मुकाबला आईसीसी महिला चैंपियनशिप का हिस्सा है।
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस फैसले को सही साबित करते हुए स्मृति मंधाना ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने मात्र 70 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो कि किसी भारतीय महिला क्रिकेटर द्वारा वनडे में सबसे तेज शतक है। इस रिकॉर्ड पारी में उन्होंने कुल 135 रन जोड़े, 13 चौके और 5 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 168.75 रही, जो उनकी आक्रामकता को दर्शाता है।
स्मृति ने अपनी पारी के दौरान आयरलैंड की गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और हर गेंदबाज पर आक्रमण जारी रखा। उनके साथ प्रतीका रावल ने 129 गेंदों में 154रन की शानदार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 20 चौके लगाए और स्ट्राइक रेट 119 रखा। स्मृति मंधाना (135 रन) और प्रतीका रावल की इस ओपनिंग साझेदारी ने आयरलैंड की गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और भारतीय टीम को बड़े स्कोर की ओर अग्रसर किया।
स्मृति की इस ऐतिहासिक पारी ने न केवल भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि यह दर्शाया कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम का स्तर लगातार ऊंचा हो रहा है। उनका यह प्रदर्शन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
यह पारी भारतीय महिला क्रिकेट के सुनहरे पन्नों में दर्ज हो चुकी है, और अब पूरी टीम की नजर इस मुकाबले को जीतकर सीरीज को शानदार तरीके से समाप्त करने पर है।

